नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने के आसार हैं। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिनभर बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों के दौरान यह 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह के समय न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन दोपहर और शाम के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। बारिश और तेज हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी।
आईएमडी ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों तथा कमजोर ढांचों के पास जाने से बचें। मौसम विभाग का यह भी कहना है कि अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुक कर बारिश और बादल छाए रहने का सिलसिला जारी रह सकता है।



