जेवर एयरपोर्ट के पास 8 हजार हेक्टेयर में बनेगा मेगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर

ग्रेटर नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने 8 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में विशाल इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित करने की योजना बनाई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए मास्टर प्लान तैयार कराने हेतु अगले सप्ताह टेंडर जारी किया जाएगा। इसके बाद चयनित एजेंसी सर्वे, फिजिबिलिटी स्टडी और विस्तृत विकास योजना तैयार करेगी।

प्रस्तावित इंडस्ट्रियल कॉरिडोर जेवर एयरपोर्ट और टप्पल-बाजना अर्बन नोड के बीच विकसित किया जाएगा। इसका अधिकांश हिस्सा अलीगढ़ जिले में स्थित है। परियोजना के तहत औद्योगिक इकाइयों के अलावा आवासीय, व्यावसायिक और मिक्स्ड लैंड यूज क्षेत्र भी विकसित किए जाएंगे, जिससे इस पूरे इलाके में संतुलित शहरी विकास को बढ़ावा मिलेगा।

इस परियोजना को यीडा की 8 जून को आयोजित बोर्ड बैठक में मंजूरी मिल चुकी है। भूमि का प्रारंभिक सर्वे पूरा हो गया है और अब भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। टप्पल क्षेत्र में लॉजिस्टिक्स हब विकसित करने की भी योजना है, जिससे एयरपोर्ट और औद्योगिक इकाइयों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकेंगी।योजना के तहत यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे आधुनिक औद्योगिक कॉरिडोर तैयार किया जाएगा, जिससे गौतमबुद्ध नगर और अलीगढ़ में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। साथ ही क्षेत्र में बुनियादी ढांचे का भी तेजी से विस्तार होगा।

वहीं, यीडा राया हेरिटेज सिटी परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को जल्द ही उत्तर प्रदेश सरकार की पीपीपी समिति के समक्ष पेश करेगा। इसके अलावा अलीगढ़ डिफेंस कॉरिडोर को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने की योजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। इसके लिए एनएचएआई सड़क संपर्क को मजबूत करेगा, जबकि यीडा के मास्टर प्लान-2041 में प्रस्तावित 130 मीटर चौड़ी सड़क को भी इस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।यीडा अधिकारियों का कहना है कि इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और राया हेरिटेज सिटी, दोनों फेज-2 की प्रमुख परियोजनाएं हैं। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इनके विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post