रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3120 का वार्षिक अलंकरण एवं सम्मान समारोह रविवार, 28 जून को आयोजित किया जाएगा। रोटरी क्लब वाराणसी नॉर्थ के तत्वावधान में होने वाले इस समारोह का नेतृत्व मंडलाध्यक्ष रोटेरियन डॉ. आशुतोष अग्रवाल करेंगे।
समारोह में लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर रीजन के लगभग 100 रोटरी क्लबों के 700 से अधिक रोटेरियन सहभागिता करेंगे। इस अवसर पर वर्ष 2025-26 के दौरान समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल विकास, जल संरक्षण तथा सामुदायिक उत्थान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रोटरी क्लबों एवं रोटेरियनों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रोटरी इंटरनेशनल के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मानों का अलंकरण होगा। इस दौरान वाराणसी के पूर्व मंडलाध्यक्ष (PDG) रोटेरियन उत्तम अग्रवाल को रोटरी इंटरनेशनल के सर्वोच्च व्यक्तिगत सम्मानों में से एक "सर्विस अबव सेल्फ (Service Above Self)" पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान भारत में इस वर्ष केवल दो रोटेरियनों को प्रदान किया जा रहा है।
मंडलाध्यक्ष डॉ. आशुतोष अग्रवाल ने बताया कि यह समारोह रोटरी के सेवा, नेतृत्व और समर्पण के मूल्यों को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज के प्रति रोटेरियनों की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करेगा।इस संबंध में जानकारी प्रेसवार्ता में दी गई। प्रेसवार्ता में रोटेरियन डॉ. आशुतोष अग्रवाल, उत्तम अग्रवाल, पियूष अग्रवाल, अजय खरे, रूचि भार्गव, सुरेश खंडेलवाल, प्रशांत नागर एवं शुभश्री जायसवाल सहित अन्य रोटेरियन उपस्थित रहे।



