चौक थाना क्षेत्र के बेनिया स्थित राम सिंह अखाड़े में करंट लगने से एक युवा पहलवान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद अखाड़े में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।मृतक की पहचान बड़ी पियरी निवासी हर्ष उर्फ शनि (23), पुत्र रामाश्रय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हर्ष रोज की तरह सुबह अखाड़े में पहलवानी का अभ्यास करने पहुंचा था। इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
अखाड़े में मौजूद लोगों ने उसे तत्काल मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।सूचना पर चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में मामला करंट लगने का सामने आया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि करंट किस वजह से फैला और कहीं सुरक्षा व्यवस्था में कोई लापरवाही तो नहीं हुई। यदि जांच में किसी की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



