विपक्ष पर बरसे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, बोले- 'अखिलेश यादव बताएं, बाबरी मस्जिद के चंदे का क्या हुआ?'

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग सरकार पर सवाल उठा रहे हैं, वे पहले यह बताएं कि बाबरी मस्जिद के लिए जुटाए गए चंदे का क्या हुआ।

हालिया मामलों में दर्ज एफआईआर और जांच को लेकर पूछे गए सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार किसी भी दोषी को बख्शने के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा कि संबंधित प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार की ओर से इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं।

अखिलेश यादव द्वारा सरकार पर "बड़ी मछलियों को बचाने" और चंदे में गड़बड़ी के आरोप लगाए जाने के सवाल पर बृजेश पाठक ने पलटवार करते हुए कहा, "जो लोग आज सवाल उठा रहे हैं, आप उनसे जाकर पूछिए कि बाबरी मस्जिद के चंदे का क्या हुआ?"उन्होंने कहा कि प्रदेश की जांच एजेंसियां पूरी मुस्तैदी के साथ अपना कार्य कर रही हैं और कानून-व्यवस्था के मामले में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

डिप्टी सीएम के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, बाबरी मस्जिद चंदे को लेकर बृजेश पाठक के दावे पर इस खबर के प्रकाशन तक समाजवादी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post