शहर के पांडेघाट गली स्थित एक मकान के पास शनिवार तड़के विद्युत लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से संविदा लाइनमैन की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिजनों ने विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।जानकारी के अनुसार, भदैनी पावर हाउस में संविदा पर कार्यरत हरपुर, भैरवनाथ निवासी भारत कुमार उर्फ भारत लाल (पुत्र कल्लू प्रसाद) लो टेंशन विद्युत लाइन पर मरम्मत कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक तेज करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े।
साथ मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।मृतक की बहन संगीता ने बताया कि रात करीब 2:30 बजे परिवार को फोन पर सूचना मिली कि भारत कुमार को करंट लग गया है। जब तक परिवार के लोग ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, तब तक डॉक्टर उन्हें मृत घोषित कर चुके थे।
परिजनों के अनुसार भारत कुमार परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और उन्हीं की आय से पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।घटना के बाद विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। चर्चा है कि मरम्मत कार्य के दौरान संबंधित लाइन का शटडाउन लिया गया था या नहीं, क्या सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था तथा क्या संविदा कर्मचारी को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे। इन सभी बिंदुओं की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हादसे के बाद मृतक भारत लाल का शव कमच्छा स्थित बिजली विभाग के कार्यालय के सामने रखकर विद्युत कर्मचारी एवं परिजन धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, घटना की निष्पक्ष जांच तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।



