महाराष्ट्र के नवी मुंबई के पनवेल इलाके में चार वर्षीय बच्ची के साथ मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। शुरुआत में वीडियो को लेकर दावा किया गया कि बच्ची को पीटने वाली महिला आंगनवाड़ी कार्यकर्ता है, लेकिन जांच में यह दावा गलत निकला। पुलिस ने स्पष्ट किया कि वीडियो में दिखाई देने वाली महिला बच्ची की मां है।
जांच के अनुसार, घटना नंदगांव स्थित आंगनवाड़ी केंद्र के बाहर हुई। बच्ची आंगनवाड़ी जाने से मना कर रही थी, जिससे नाराज होकर उसकी मां ने गुस्से में उसे छाती पर जोरदार लात मार दी। लात लगने से बच्ची पीछे की ओर सीढ़ियों पर गिर गई। हालांकि इस घटना में उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई।
वीडियो वायरल होने के बाद पनवेल सिटी पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि बेटी के बार-बार आंगनवाड़ी जाने से इनकार करने पर वह अपना आपा खो बैठी और आवेश में आकर ऐसा कदम उठा लिया। उसने अपनी हरकत पर पछतावा भी जताया।पुलिस ने मामले की रिपोर्ट राज्य बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को भेज दी है। अधिकारियों के अनुसार, समिति की सिफारिश के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



