उत्तराखंड के केदारनाथ, बदरीनाथ, हरिद्वार, मसूरी समेत कई प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले ईमेल मामले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। एसटीएफ की साइबर कमांडो टीम की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि धमकी भरा ईमेल मोरक्को से भेजा गया था। साथ ही तकनीकी विश्लेषण में ऐसे संकेत मिले हैं, जिनसे ईमेल भेजने वाले के अमेरिका में मौजूद होने की भी आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, 22 जून को भेजे गए इस ईमेल में चारधाम यात्रा से जुड़े प्रमुख स्थलों के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का भी जिक्र किया गया था। संवेदनशील धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं और सभी संबंधित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
मामले में अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन सामने आने के बाद एसटीएफ ने केंद्रीय जांच और खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर जांच का दायरा बढ़ा दिया है। साइबर विशेषज्ञ ईमेल भेजने वाले की वास्तविक पहचान, उसकी लोकेशन और धमकी के पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटे हैं।
धमकी के बाद बम निरोधक दस्तों और डॉग स्क्वॉयड की टीमों ने विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, जांच के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच जारी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
.jpeg)


