तुलसी घाट हादसा: गंगा में डूबे युवक का शव 4 घंटे बाद एनडीआरएफ की टीम ने किया बरामद

भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसी घाट पर गंगा स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान चलाया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव गंगा से बरामद कर लिया गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।मृतक की पहचान मिर्जापुर जनपद के कछवां निवासी शिवशंकर सिंह 32 वर्ष पुत्र अनिल सिंह के रूप में हुई हैं, वह वाराणसी के अस्सी क्षेत्र स्थित वैष्णवी ग्रैंड होटल में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि शिवशंकर अपने कुछ दोस्तों के साथ घाट घूमने और गंगा स्नान के लिए तुलसी घाट पहुंचा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार भोर में करीब 3 से 4 बजे के बीच शिवशंकर गंगा स्नान के लिए नदी में उतरा। 

स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और संतुलन बिगड़ने से तेज धारा में बहने लगा। देखते ही देखते वह अपने दोस्तों की नजरों से ओझल हो गया। युवक को डूबता देख उसके साथ मौजूद दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंगा की तेज धारा के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही भेलूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। 

वहीं एनडीआरएफ की टीम ने भी गंगा में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब चार घंटे तक चले अभियान के बाद सुबह लगभग 8 बजे एनडीआरएफ के जवानों ने युवक का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य वाराणसी के लिए रवाना हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगा में स्नान के दौरान विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है, क्योंकि कई स्थानों पर अचानक गहराई बढ़ जाती है और तेज धाराएं भी रहती हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post