राजघाट पुल पर शुरू होगा बड़ा मरम्मत कार्य, रात में पूरी तरह बंद रहेगा आवागमन

राजघाट पुल पर लगे 71 ड्रेनेज स्पाउट एक्सपेंशन ज्वाइंट बदलने का कार्य एक बार फिर शुरू होने जा रहा है। रेलवे और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के बीच कई चरणों की बातचीत के बाद रेलवे ने रात के समय मरम्मत कार्य की अनुमति दे दी है। इसके तहत 14 जून से 13 अगस्त तक प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक पुल पर आठ घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा। 

इस दौरान किसी भी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। गौरतलब है कि दिसंबर 2025 में इसी कार्य के लिए मेगा ब्लॉक लिया गया था, लेकिन रेलवे की आपत्ति के कारण उसे दूसरे ही दिन समाप्त करना पड़ा था। उस दौरान केवल चार ड्रेनेज स्पाउट एक्सपेंशन ज्वाइंट ही बदले जा सके थे। अब शेष 71 ज्वाइंट बदलने के लिए दोबारा कार्य शुरू किया जा रहा है, जो 13 अगस्त तक चलेगा। मरम्मत का काम प्रतिदिन रात के समय किया जाएगा। अपर पुलिस उपायुक्त अंशुमान मिश्रा ने बताया कि 14 जून से 13 अगस्त तक पीडब्ल्यूडी को कार्य के लिए ब्लॉक प्रदान किया गया है। 

यह ब्लॉक प्रतिदिन रात में आठ घंटे का होगा। इसके लिए पीडब्ल्यूडी, रेलवे और यातायात विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात व्यवस्था और कार्य की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में शुक्रवार को बैठक प्रस्तावित है। बैठक में यह भी तय किया जाएगा कि दिन के समय चार पहिया वाहनों को पुल से गुजरने की अनुमति दी जाएगी या नहीं। बारिश के मौसम में मरम्मत कार्य को मजबूती प्रदान करने के लिए अतिरिक्त समय की आवश्यकता पड़ सकती है, जिसे ध्यान में रखते हुए अंतिम निर्णय बैठक में लिया जाएगा।


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post