चंदौली। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने साइबर ठगी के एक संगठित गिरोह के दो वांछित सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और दो कूटरचित आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपी सत्कार निधि लिमिटेड कंपनी की आड़ में लोगों से ठगी करने वाले गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं।पुलिस के अनुसार, मुगलसराय-सकलडीहा स्टैंड के पास से सतीश राय और शेखर कुशवाहा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे अपने साथियों के साथ मिलकर निवेश और वित्तीय लाभ का झांसा देकर लोगों से धनराशि जुटाते थे। ठगी से प्राप्त रकम विभिन्न खातों में मंगवाकर बाद में आपस में बांट लेते थे।
जांच में यह भी सामने आया कि साइबर ठगी से जुड़ी धनराशि उनके व्यक्तिगत बैंक खातों में भी ट्रांसफर की जाती थी, जिनके खिलाफ विभिन्न राज्यों से शिकायतें दर्ज हैं। गिरफ्तारी से बचने और पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने अपने फोटो वाले फर्जी आधार कार्ड बनवा रखे थे, जिनमें गलत नाम और पते दर्ज थे।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया। मामले में शामिल अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।अपर पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था के झांसे में आकर निवेश अथवा ऋण के नाम पर धनराशि जमा न करें। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।


