कोलकाता, पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक निर्माणाधीन गोदाम अचानक ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मलबे में 50 से 55 लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत एवं बचाव दल ने अब तक 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, एनडीआरएफ और अन्य आपदा राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव कार्य को तेज करने के लिए सेना को भी लगाया गया है। भारी मशीनों और विशेष उपकरणों की मदद से मलबा हटाने का काम लगातार जारी है।प्रशासन ने पूरे इलाके को घेरकर आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। अधिकारियों का कहना है कि मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। मृतकों की पहचान और नुकसान के वास्तविक आंकड़ों का इंतजार किया जा रहा है।


