इंस्टाग्राम रील के लिए हाथ में पिस्टल लेकर घूमना पड़ा भारी, युवक गिरफ्तार

 सोशल मीडिया पर रील्स बनाने और वायरल होने के चक्कर में कानून से खिलवाड़ करना एक युवक को भारी पड़ गया। इंस्टाग्राम पर हाथ में पिस्टल लेकर रौब झाड़ते हुए घूम रहे एक युवक का वीडियो वायरल होने के बाद वाराणसी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


दरअसल, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें एक युवक पारंपरिक वेशभूषा (धोती और दुपट्टा) पहने हुए वाराणसी की सड़कों पर हाथ में पिस्टल लेकर घूमता नजर आ रहा था। वीडियो के बैकग्राउंड में 'ब्राह्मण समाज' और उसे जागरूक होने से जुड़ा टेक्स्ट भी लिखा हुआ था।

वीडियो के सामने आते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया और दशाश्वमेध थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान कर उसे 'वायरल शस्त्र' के साथ गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि आरोपी के हाथ में जो गन दिख रही थी, वह कोई असली हथियार नहीं बल्कि एक नकली/टॉय गन (खिलौना बंदूक) थी। पुलिस ने इस खिलौना बंदूक को जब्त कर लिया है।


पकड़े गए आरोपी की पहचान रवि शंकर मिश्रा (उम्र करीब 23 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से भीमचण्डी, थाना राजातालाब (वाराणसी) का निवासी है और वर्तमान में दत्तात्रेय मठ, अगस्तकुंडा, थाना दशाश्वमेध में रह रहा था।

दशाश्वमेध थाने की पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर इस तरह के भ्रामक और माहौल बिगाड़ने वाले वीडियो पोस्ट करने से बचें।






Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post