वृद्ध महिला से चेन लूटने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, लूटी गई सोने की चेन और चोरी की बुलेट बरामद

वाराणसी। सारनाथ थाना पुलिस ने 71 वर्षीय वृद्ध महिला से मारपीट कर सोने की चेन लूटने की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई करीब 9.09 ग्राम वजनी सोने की चेन तथा घटना में प्रयुक्त चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस आयुक्त के निर्देशन में चोरी और लूट की घटनाओं के खुलासे एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में सारनाथ थाना पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय चौहान उर्फ लकी (20 वर्ष) निवासी छोटा लालपुर, लालपुर-पांडेयपुर, वाराणसी को शनिवार तड़के हवेलिया क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को खजुही निवासी मोहित कुमार गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बाइक सवार दो बदमाश उनकी 71 वर्षीय मां की दुकान में घुस गए और मारपीट कर उनके गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। मामले में थाना सारनाथ पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

Advertisement

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। वारदात से पहले दोनों ने क्षेत्र की रेकी की थी। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल अस्सी घाट क्षेत्र से चोरी की गई थी। उसने बताया कि इससे पहले भी वारदात का प्रयास किया गया था, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। लूटी गई चेन बेचने के लिए जाते समय पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

Advertisement

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 9.09 ग्राम वजनी पीली धातु (सोने) की चेन तथा घटना में प्रयुक्त चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पूर्व से भी लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक अजय कुमार, उपनिरीक्षक विश्वेन्द्र यादव सहित सारनाथ थाना पुलिस और सर्विलांस सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post