बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र, अगले 5 दिन कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद देश के कई हिस्सों में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक मध्य, पूर्वी, उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।मौसम विभाग के अनुसार 3 से 6 जुलाई के बीच कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश और ओडिशा में कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश होगी। मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी 9 जुलाई तक लगातार बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा होने से जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।

उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 9 जुलाई तक व्यापक बारिश का अनुमान है। हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा पूर्वी राजस्थान में भी अलग-अलग दिनों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में लगातार बारिश का दौर रहेगा। झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में कई स्थानों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

Advertisement

पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम खराब रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 9 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

Advertisement

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करने की अपील की है। बारिश प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post