100 फीट जमीन के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, तीन आरोपी फरार

वाराणसी के सिंधौरा थाना क्षेत्र के मझवां गांव में गुरुवार रात करीब 9:15 बजे महज 100 फीट जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पट्टीदारी के विवाद में 22 वर्षीय सौरभ सिंह उर्फ बंटी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, सौरभ सिंह का अपने चचेरे भाइयों प्रशांत सिंह, रिशु सिंह और बबलू सिंह से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार रात दोनों पक्षों के बीच फिर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि पहले सौरभ के साथ मारपीट की गई और जब वह जान बचाकर भागने लगा तो उसे दौड़ाकर पकड़ लिया गया। इसके बाद बबलू सिंह ने उसकी कनपटी पर सटाकर गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल सौरभ को परिजन सिंधौरा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Advertisement

मृतक के पिता सर्वेश सिंह ने बताया कि उनके घर के सामने स्थित करीब 100 फीट जमीन को लेकर बड़े भाई देवी प्रसाद सिंह के परिवार से लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस मामले में कई बार पंचायत हुई और हर बार फैसला उनके पक्ष में आया, लेकिन दूसरा पक्ष इसे मानने को तैयार नहीं था। उनका आरोप है कि घटना वाले दिन भी आरोपी जमीन छोड़ने का दबाव बना रहे थे और विरोध करने पर उनके बेटे की हत्या कर दी।परिजनों का यह भी आरोप है कि वारदात के बाद मुख्य आरोपी हाथ में पिस्टल लहराते हुए लोगों को धमकाता रहा और जमीन पर दावा करने वालों को अंजाम भुगतने की चेतावनी देकर अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही सिंधौरा थाना पुलिस, एसओजी, एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार तथा एसीपी पिंडरा समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष आपस में पट्टीदार हैं और जमीन के विवाद को लेकर कहासुनी के दौरान सौरभ सिंह को गोली मारी गई। मामले में तहरीर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। 

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post