वाराणसी में दूसरे दिन भी कड़ी सुरक्षा के बीच UP-TET, 68 केंद्रों पर परीक्षा

वाराणसी में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP-TET) 2026 का आयोजन शुक्रवार को दूसरे दिन भी कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच किया गया। जिले के 68 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित हो रही है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। परीक्षा शुरू होने से पहले सुबह 8 बजे से ही अभ्यर्थियों का केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गया था।

परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन बनाने के लिए केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई। अभ्यर्थियों की शर्ट की बांह, जूते और मोजे उतरवाकर तलाशी ली गई। ब्लूटूथ या इलेक्ट्रॉनिक घड़ी पहनकर पहुंचे परीक्षार्थियों को उसे बाहर रखने के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया।

Advertisement

जिले में तीन जुलाई को दोनों पालियों में कुल 33,140 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा केंद्रों की निगरानी सीधे प्रयागराज स्थित उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के कंट्रोल रूम से की जा रही है। इसके अलावा आयोग के सदस्य और प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को पर्यवेक्षक के रूप में भी तैनात किया गया है।जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान उत्तर पुस्तिका में दर्ज किसी भी जानकारी को व्हाइटनर, रबर या ब्लेड से सुधारना पूरी तरह प्रतिबंधित है। यदि अभ्यर्थी उत्तर पत्रक में गोले सही ढंग से नहीं भरते हैं या आवश्यक जानकारी गलत दर्ज करते हैं, तो उनकी उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा।

Advertisement

उन्होंने बताया कि परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी प्रश्नपत्र और अपनी ओएमआर कॉपी की प्रति साथ ले जा सकेंगे। वहीं परीक्षा के अंतिम आधे घंटे में किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को केवल काले बॉल प्वाइंट पेन का उपयोग करने की अनुमति है। मोबाइल फोन, टैबलेट, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच, एटीएम कार्ड, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क और अन्य किसी भी इलेक्ट्रॉनिक या धातु से बने उपकरण को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।गौरतलब है कि तीन दिवसीय UP-TET परीक्षा दो जुलाई से शुरू हुई है और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न पालियों में पंजीकृत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post