मेरठ के चर्चित ललिता गौतम हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अंकुश कुमार के बड़े भाई और पीएसी जवान अंकित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अंकित ने न सिर्फ अपने भाई के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची, बल्कि वारदात के बाद सबूत मिटाने में भी उसकी मदद की।
20 वर्षीय बीए छात्रा ललिता गौतम 15 मई को रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थीं। अगले दिन उनके पिता ने टीपी नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। 17 मई को उपसिया गांव के पास जंगल से ललिता का शव बरामद हुआ, जिसके बाद हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर 18 मई को मुख्य आरोपी अंकुश कुमार को गिरफ्तार कर लिया था।
![]() |
| Advertisement |
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के समय पीएसी में तैनात अंकित छुट्टी पर था। उसने विभाग से यह कहकर छुट्टी ली थी कि उसकी पत्नी की डिलीवरी होने वाली है, लेकिन जांच में यह दावा झूठा निकला। पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान वह मौके पर मौजूद था और उसने अपने भाई के साथ मिलकर अपराध की योजना बनाई तथा सबूत छिपाने का प्रयास किया।
![]() |
| Advertisement |
पुलिस ने अंकित के खिलाफ हत्या, आपराधिक साजिश, सबूत नष्ट करने और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
![]() |
| Advertisement |



