नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

सुसुवाही स्थित नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, देशभक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भारतीय नौसेना के पूर्व कमांडर त्रिभुवन सिंह, विद्यालय प्रबंधक राजेश कुमार राय, उपाध्यक्ष प्रवीण राय, प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय सहित विद्यालय प्रबंधन के सदस्यों ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पित कर किया।

इसके बाद मुख्य अतिथि और विद्यालय प्रबंधन द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। हेड बॉय हर्ष विश्वकर्मा के नेतृत्व में चारों सदनों के विद्यार्थियों ने तिरंगे को सलामी दी और देशभक्ति के नारों से परिसर गूंज उठा। छात्रा गार्विता वैष्णवी ने ‘वंदे मातरम्’ पर नृत्य प्रस्तुत कर राष्ट्रवंदना की।

Advertisement
प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्र की सभ्यता और संस्कृति की विरासत को सुरक्षित रखते हुए एकजुटता और भावनात्मक मजबूती के साथ राष्ट्र गौरव को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने के लिए जागरूक और कर्मठ बनने का आह्वान किया।
Advertisement
ध्वजारोहण के बाद केशव सभागार में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, भाषण, नृत्य-नाटिका और योग प्रदर्शन से दर्शकों का मन मोह लिया। नर्सरी के नन्हे बच्चों की प्रस्तुतियों ने विशेष आकर्षण बटोरा। हिंदी, संस्कृत और अंग्रेजी में रीता, आस्था और आशुतोष ने भाषण प्रस्तुत किए।कक्षा 3 से 5 तथा कक्षा 6 से 10 के विद्यार्थियों ने नाट्य प्रस्तुतियां दीं। नंदिनी और आरुषि समूह के योग प्रदर्शन के साथ ‘रंग मेरा भारत’ और ‘ये देश मेरा’ जैसे देशभक्ति गीतों ने पूरे सभागार को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
Advertisement
मुख्य अतिथि पूर्व कमांडर त्रिभुवन सिंह ने विद्यालय के अनुशासन और विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को देश, समाज और परिवार के प्रति अपने दायित्वों को समझना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से कर्तव्यनिष्ठ होकर देश के उज्ज्वल और समृद्ध भविष्य में योगदान देने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंत में निदेशक और प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने छोटे बच्चों को मिष्ठान वितरित कर उन्हें आशीर्वाद दिया। वरिष्ठ समन्वयक सत्यप्रिया सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन छात्रा सृष्टि और छात्र ओम ने किया। समारोह को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। 
Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post