डीएवी कॉलेज में छात्र संवाद, अधिकारियों ने साझा किए सफलता के मंत्र

उत्तर प्रदेश सरकार की पहल के तहत शुक्रवार को औसानगंज स्थित डीएवी पीजी कॉलेज में छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्व. पीएन सिंह यादव स्मृति सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार समेत जिले के आला अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और सफलता को लेकर अपने अनुभव साझा किए।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि असफलता से निराश होने के बजाय एक लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि अनुशासन और लगातार मेहनत करने वाला विद्यार्थी जीवन में कभी असफल नहीं होता। उन्होंने छात्रों को सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने की सलाह देते हुए कहा कि सफलता के लक्ष्य पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय भारत का है और विकसित भारत के विजन को साकार करने की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। जिलाधिकारी ने छात्रों के सवालों का जवाब देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

कार्यक्रम में एसडीएम राजातालाब शांतनु कुमार सिनसिनवार, एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेन्द्र प्रताप सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राणा बृजेश सिंह सिसोदिया, बीडीओ हरहुआ अनामिका सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में कॉलेज प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव ने पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों का स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। संचालन आइक्यूएसी समन्वयक डॉ. पारुल जैन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पंच बहादुर सिंह ने दिया। इस अवसर पर प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष हरिबंश सिंह, पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मिश्रीलाल, उपाचार्य प्रो. संगीता जैन, इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अशोक कुमार सिंह सहित शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post