काशी में गूंजी देशभक्ति की हुंकार, विशाल तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

सावन के पावन महीने में धर्मनगरी काशी देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आई। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के क्रीड़ा प्रांगण से निकली भव्य तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में स्कूली बच्चे, युवा और काशीवासी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए लोगों के उत्साह और ‘वंदे मातरम’ व ‘भारत माता की जय’ के नारों से शहर की सड़कें गूंज उठीं।यात्रा के दौरान मार्ग में बनाए गए 12 प्रमुख स्वागत बिंदुओं पर लोगों ने गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। जगह-जगह उमड़े जनसमूह के चलते पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत दिखाई दिया। विभिन्न रथों पर भारत माता का स्वरूप, अखंड भारत का मानचित्र और अमर शहीदों के चित्रों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।

काशी विद्यापीठ से शुरू हुई यात्रा संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की ओर बढ़ी। यात्रा में युवाओं और बच्चों की बड़ी भागीदारी ने राष्ट्र के प्रति नई पीढ़ी के उत्साह और जुड़ाव को प्रदर्शित किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि तिरंगा केवल ध्वज नहीं, बल्कि भारत की शक्ति, स्वाभिमान और अटूट संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सीमा पर जवान देश की रक्षा के लिए अपना जीवन न्योछावर करते हैं और देश के वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष तक तिरंगे का गौरव पहुंचाया है। उन्होंने युवाओं को देश की शक्ति बताते हुए विकसित और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि काशी की धरती पर निकली यह विशाल तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जन-जन की राष्ट्रीय चेतना और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का प्रकटीकरण है। हजारों युवाओं और बच्चों की मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि नई पीढ़ी राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ी हुई है।कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश सिंह, महापौर अशोक तिवारी, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय और अश्विनी त्यागी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मंच संचालन विनोद गुप्ता ने किया। तिरंगा यात्रा के संयोजन में मधुकर चित्रांश, साधना वेदांती, मधुप सिंह और बृजेश चौरसिया की प्रमुख भूमिका रही। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और काशी के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।




Post a Comment

Previous Post Next Post