तांत्रिक की हत्या का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार; हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद

लालपुर-पांडेयपुर थाना पुलिस ने तांत्रिक अनीश उपाध्याय हत्याकांड का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का स्टूल, घरेलू गैस सिलेंडर, लोहे की रॉड और म्यूजिक सिस्टम बरामद किया है।पुलिस के मुताबिक, अनीश उपाध्याय की पत्नी ने 9 जुलाई को उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 13 अगस्त को हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि परिवार में बीमारी और अन्य समस्याओं के चलते उन्होंने अनीश उपाध्याय से पूजा-पाठ कराया था। समस्या बढ़ने के बाद उन्होंने हत्या की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने साहिल के ऊपर साया होने का बहाना बनाकर अनीश को कंचनपुर, मंडुवाडीह स्थित किराए के मकान में बुलाया, जहां स्टूल, गैस सिलेंडर और लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान आवाज बाहर न जाए, इसके लिए म्यूजिक सिस्टम चलाया गया और बाद में कमरे में खून के निशान साफ किए गए। पुलिस ने सोनू, विशाल, विकास कुमार गौंड, साहिल गौंड, अभिषेक उर्फ रोहित कश्यप और मोहित कश्यप को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है।पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।






Post a Comment

Previous Post Next Post