वाराणसी: मैगी नहीं मिली तो 15 लोगों ने किया हंगामा, रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ के बाद कार में लगाई आग

 कैंट थाना क्षेत्र में मैगी खाने की मांग पूरी न होने पर 15 लोगों के एक समूह द्वारा दो रेस्टोरेंट संचालकों से विवाद और मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि समूह ने THE ROOFTOP ARENA में घुसकर तोड़फोड़ की और बाहर खड़ी कार में आग लगा दी। वहीं, दूसरे रेस्टोरेंट के कर्मचारी को घर जाते समय रास्ते में घेरकर हॉकी से पीट दिया गया। कार में आग लगाने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। दोनों रेस्टोरेंट संचालकों ने 15 अगस्त की रात करीब आठ बजे पुलिस को तहरीर दी है।



कैंट क्षेत्र के सरसौली भोजूबीर निवासी आदित्य सोनकर, जो THE ROOFTOP ARENA के संचालक हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 अगस्त की रात करीब 12 बजे वह अपने ममेरे भाई अभिषेक सोनकर के साथ रेस्टोरेंट में मौजूद थे। रेस्टोरेंट बंद करने के बाद दोनों आराम कर रहे थे। इसी दौरान करीब 15 लोग बिना नंबर प्लेट की बाइकों से वहां पहुंचे और जबरन अंदर घुसकर हंगामा करने लगे।


आदित्य का आरोप है कि आरोपियों ने रेस्टोरेंट के नीचे खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की और THE ROOFTOP ARENA के दरवाजे पर हॉकी, डंडे और रॉड से हमला कर उसे तोड़ने का प्रयास किया। बाहर रखे सामान में भी तोड़फोड़ की गई। इस दौरान आरोपियों पर जातिसूचक गालियां देने का भी आरोप लगाया गया है। इसके बाद हमलावरों ने नीचे खड़ी कार में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।

आदित्य ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले भी कुछ युवक उनके रेस्टोरेंट पर पहुंचे थे और वहां लड़ाई-झगड़ा किया था। उनका कहना है कि पहले हुई घटना के बाद भी विवाद थमा नहीं और दोबारा 12 अगस्त की रात बड़ी संख्या में युवक रेस्टोरेंट पहुंचे और हंगामा किया।


आदित्य ने पुलिस को दी तहरीर में जिन लोगों पर आरोप लगाया है, उनमें शिवपुर क्षेत्र के लक्ष्मणपुर शारदा विहार कॉलोनी निवासी आदित्य रघुवंशी, अभिषेक रघुवंशी उर्फ पन्तु, सन्नी सिंह और शाश्वत पंडित निवासी ऐटे, चांदमारी सहित अन्य लोग शामिल हैं।

आदित्य सोनकर के THE ROOFTOP ARENA से करीब 300 मीटर दूर वीडीए कॉलोनी चांदमारी स्थित रेस्टोरेंट की संचालिका अलंकिता सिंह ने भी आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। अलंकिता के अनुसार, घटना वाली रात करीब साढ़े 10 बजे जब वह रेस्टोरेंट बंद कर रही थीं, तभी करीब 15 लोग वहां पहुंच गए। उन्होंने मैगी की मांग की।


रेस्टोरेंट बंद होने का हवाला देते हुए मैगी देने से इनकार करने पर आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया। कुछ देर तक कहासुनी होने के बाद सभी वहां से चले गए। अलंकिता का कहना है कि इसके बाद यही लोग THE ROOFTOP ARENA पहुंचे, जहां उन्होंने हंगामा, मारपीट और तोड़फोड़ की तथा कार में आग लगा दी।

अलंकिता के मुताबिक, THE ROOFTOP ARENA में बवाल करने के बाद आरोपी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनके रेस्टोरेंट का एक कर्मचारी घर जा रहा था। आरोप है कि पांडेयपुर स्थित पागलखाने के पास आरोपियों ने कर्मचारी को घेर लिया और हॉकी से उसकी पिटाई कर दी। घटना में कर्मचारी को चोटें आने की बात कही गई है।

रेस्टोरेंट संचालक आदित्य सोनकर ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उन्हें फोन पर धमकी देकर 5000 रुपये रंगदारी की मांग की। आरोप है कि रुपये नहीं देने पर रेस्टोरेंट नहीं चलाने देने की धमकी दी गई।


कार में आग लगाने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। दोनों रेस्टोरेंट संचालकों की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस आरोपों की जांच के साथ सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post