रविदास घाट पर गंगा में डूबा 17 वर्षीय किशोर, 24 घंटे बाद भी तलाश जारी

लंका थाना क्षेत्र के रविदास घाट पर 17 वर्षीय किशोर के गंगा में डूबने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और गंगा में तलाश अभियान शुरू किया। करीब 24 घंटे बीत जाने के बाद भी किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है।

लापता किशोर की पहचान शिवम विश्वास उर्फ दुर्लभ (17) पुत्र उज्ज्वल विश्वास, निवासी गंगोत्री विहार कॉलोनी, थाना लंका, वाराणसी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, किशोर के गंगा में डूबने की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू कराया गया। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किशोर गंगा में किस स्थान से गया।एनडीआरएफ की टीम संभावित स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। वहीं पुलिस आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर किशोर को आखिरी बार कहां और किस स्थिति में देखा गया था, इसकी जानकारी जुटा रही है।

                         

पुलिस ने रविदास घाट और आसपास लगे निगरानी कैमरों के साथ क्रूज की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए किशोर की गतिविधियों और गंगा में जाने के संभावित स्थान का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट पर क्रूज से जुड़ी संरचना के नीचे भी तलाशी की जरूरत है। प्रशासन की ओर से उक्त संरचना को हटाने का कार्य किए जाने की बात सामने आई है। लोगों को उम्मीद है कि इसके बाद संभावित स्थानों पर तलाशी अभियान और तेज हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस और एनडीआरएफ की टीम गंगा में लगातार किशोर की तलाश कर रही है। किशोर के बरामद होने के बाद ही घटना की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस की ओर से आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post