झांसी में 78 बच्चों को मिला निःशुल्क क्लेफ्ट उपचार, सांसद अनुराग शर्मा की पहल

झांसी। कटे होंठ एवं तालु से पीड़ित बच्चों के लिए झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में नौ दिवसीय निःशुल्क सर्जिकल कैंप का आयोजन किया गया। 6 सितंबर को संपन्न हुए शिविर में 78 जरूरतमंद बच्चों की सफल सर्जरी की गई। यात्रा, आवास, भोजन, सर्जरी और दवाओं समेत सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।

शिविर का आयोजन वीरांगना फाउंडेशन और ऑपरेशन स्माइल के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। इसमें उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के करीब 17 जिलों से बच्चे पहुंचे। नौ देशों के चिकित्सकों और स्वयंसेवकों ने शिविर में सेवाएं दीं। सर्जरी के साथ बच्चों को स्पीच थेरेपी और ऑर्थोडॉन्टिक सहायता भी दी गई।

झांसी-ललितपुर के सांसद एवं बैद्यनाथ के जेएमडी अनुराग शर्मा ने कहा कि आर्थिक कठिनाई के कारण कोई बच्चा जरूरी उपचार से वंचित न रहे, यही अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने ऑपरेशन स्माइल और वीरांगना फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की। वहीं वीरांगना फाउंडेशन की अध्यक्ष पूनम शर्मा ने कहा कि बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लौटाना इस सेवा अभियान का मुख्य लक्ष्य है।इससे पहले फरवरी 2024 में आयोजित शिविर में 220 मरीजों की स्क्रीनिंग के बाद 113 की सर्जरी की गई थी। ऑपरेशन स्माइल ने आगामी तीन वर्षों में पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के 500 बच्चों की सुधारात्मक सर्जरी का लक्ष्य रखा है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post