वाराणसी में बीएचयू में असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी दिलाने के नाम पर 6 लाख रुपये ठगने वाले आरोपी को सिगरा पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान चंद्रमणि शर्मा पुत्र विंध्याचल शर्मा (32) के रूप में हुई है, जो त्रिदेव नगर कॉलोनी सरायनंदन, भेलूपुर का निवासी है और वर्तमान में आनंद नगर, कंदवा, चितईपुर में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पीड़िता को बीएचयू में नौकरी का भरोसा देकर पैसे लिए और विश्वास में लेने के लिए एक फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया था।
मामले में पीड़िता की शिकायत पर सिगरा थाने में अपराध संख्या 0338/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 352, 336(3), 338 और 340(2) में धोखाधड़ी और कूटरचना का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने कार्यालय में मौजूद है, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी को सी-14/160, डीपी सोनिया रोड स्थित उसके कार्यालय से पकड़ा। इस गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक विवेक सिंह, मुख्य आरक्षी कृपा सिंधु भारती और आरक्षी उमेश यादव की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और फर्जी नियुक्ति पत्र की जांच भी की जा रही है।


