गंगा के जलस्तर में कमी आने के बाद घाटों और मंदिरों के आसपास सफाई का काम तेज हो गया है। बाढ़ के कारण गंगा किनारे स्थित घाटों पर बड़ी मात्रा में शिल्ट और मिट्टी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब पानी कम होने के साथ स्थानीय लोग और मंदिरों से जुड़े लोग सफाई में जुट गए हैं।
दशाश्वमेध घाट स्थित मां शीतला माता मंदिर में भी बाढ़ का पानी उतरने के बाद काफी मात्रा में मिट्टी और शिल्ट जमा हो गई थी। महंत परिवार की ओर से जनरेटर लगाकर मंदिर परिसर की सफाई शुरू कराई गई है, ताकि मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना और दर्शन की व्यवस्था सुचारू हो सके।
सफाई के बाद मां शीतला माता मंदिर में पूजन-अर्चन शुरू हो गया है। फिलहाल श्रद्धालु अहिल्याबाई घाट की ओर से रास्ते से मंदिर तक पहुंचकर दर्शन कर सकते हैं। घाटों और मंदिरों के आसपास जमा मिट्टी हटाने का काम लगातार जारी है।


