मुंबई से वाराणसी लौट रहे बुजुर्ग दंपत्ति के साथ ककरमत्ता में सामान चोरी होने का मामला सामने आया। गुरुवार सुबह दंपत्ति ककरमत्ता पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरवाने के लिए ऑटो से उतरे थे। इसी दौरान चालक ऑटो में रखा उनका सामान लेकर मौके से निकल गया। कुछ देर बाद जब दंपत्ति ने सामान देखा तो वह गायब था, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी। ककरमत्ता पेट्रोल पंप और वाराणसी जंक्शन के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज के जरिए ऑटो की पहचान करने के बाद पुलिस टीम ने चालक को ट्रेस कर लिया।
पुलिस ने ऑटो चालक को पकड़कर उसके कब्जे से बुजुर्ग दंपत्ति का सामान बरामद कर लिया। इसके बाद सामान विनोद कुमार यादव और उनकी पत्नी को वापस सौंप दिया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक चंद्रकांत गौतम, कांस्टेबल दीपक कुमार, अवनीश यादव और रंजीत राय शामिल रहे।


