काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में लगातार हो रही साइकिल चोरी की घटनाओं के बाद लंका पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 12 साइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फूलपुर थाना क्षेत्र निवासी सूरज कन्नौजिया (20), शिवम कुमार (20) और सोहम रंगीले मिश्रा (19) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बीएचयू परिसर में खड़ी साइकिलों के ताले कैंची से काटकर चोरी करते थे और बाद में उन्हें राहगीरों को बेचने की कोशिश करते थे।
पुलिस के अनुसार, बीएचयू के कई छात्रों ने साइकिल चोरी की शिकायतें प्राक्टोरियल बोर्ड को दी थीं। इन मामलों में लंका थाने में एनसीआर भी दर्ज कराई गई थी। शिकायतों के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से आरोपियों की तलाश शुरू की। 23 सितंबर की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अकेला बाबा मंदिर जाने वाले रास्ते के पास घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने परिसर से साइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के मुताबिक, आरोपी सूरज कन्नौजिया के खिलाफ पहले भी साइकिल चोरी और चोरी का सामान रखने के मामले दर्ज हैं।
वहीं, करीब सात दिन पहले बीएचयू की अंग्रेजी विभाग की परास्नातक छात्रा सायरा दत्ता ने जीपीएस की मदद से अपनी चोरी हुई साइकिल खुद खोज निकाली थी। छात्रा की साइकिल बीएचयू परिसर से चोरी हुई थी, जिसके बाद उसने अपनी सहेली के साथ स्कूटी से जीपीएस के जरिए रोहनिया बाजार के पास एक बस्ती तक पहुंचकर साइकिल बरामद की थी। साइकिल के पास मौजूद संदिग्ध मौके से भाग गए थे। पुलिस ने वर्तमान मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ लंका थाने में धारा 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है।


