काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र ने मंगलवार को काशी विश्वनाथ धाम क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और दर्शन व्यवस्था को देखा तथा पत्रकारों से बातचीत की।
सत्यम मिश्र ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम में आने वाले प्रत्येक दर्शनार्थी को सुगमता और व्यवस्थित तरीके से बाबा विश्वनाथ का दर्शन कराया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर रहेगा। उन्होंने कहा कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ मित्रवत व्यवहार किया जाएगा, ताकि उन्हें दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी के धाम भ्रमण को मंदिर की व्यवस्थाओं को समझने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


