46 वर्षों की सेवा के लिए डॉ. अजीत सैगल को मिला भारत गौरव सम्मान

कला और संस्कृति विभाग, भारत सरकार के उपक्रम के अंतर्गत हिंदुस्तान कला एवं म्यूजिक सोसायटी की ओर से आयोजित तीन दिवसीय ‘भारत संस्कृति यात्रा’ कार्यक्रम का भव्य समापन रविवार, 31 अगस्त को पश्चिम बंगाल के मंत्री डॉ. शंकर घोष के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर कला, संस्कृति और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया।समारोह में वाराणसी के वरिष्ठ अस्थि रोग सर्जन डॉ. अजीत सैगल को चिकित्सा सेवा और सामाजिक कार्यों में उनके योगदान के लिए ‘भारत गौरव सम्मान’ प्रदान किया गया। डॉ. सैगल पिछले 46 वर्षों से निरंतर रोगियों की सेवा कर रहे हैं। चिकित्सा क्षेत्र में लंबे समय से उनकी सेवाओं के साथ ही सामाजिक कार्यों में सक्रिय योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया गया।

सम्मान प्राप्त करने पर समारोह में मौजूद विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों ने डॉ. सैगल को बधाई और शुभकामनाएं दीं। पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध नृत्यांगना बहनों नलिनी-कमलिनी, देश के ख्यातिलब्ध तबला वादक राम कुमार मिश्रा, राज बाजोरिया और पंडित प्रसन्नजीत पोद्दार ने डॉ. सैगल के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मान के लिए बधाई दी।

तीन दिवसीय भारत संस्कृति यात्रा के दौरान कला एवं संस्कृति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। समापन समारोह में देश की सांस्कृतिक विरासत और समाज में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों के योगदान को रेखांकित किया गया। इसी क्रम में चिकित्सा सेवा और सामाजिक सरोकारों के लिए डॉ. अजीत सैगल को सम्मानित किया गया।



Post a Comment

Previous Post Next Post