रचना फाउंडेशन, मिशन शक्ति एवं राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में कैंसर से बचाव और बेटियों की सुरक्षा को लेकर महाविद्यालय के महर्षि चरक सभागार में जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा पर माल्यार्पण और छात्राओं के स्वागत गीत से हुई।मुख्य अतिथि एवं वक्ता पूर्व अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग डा. दिवाकर सिंह ने कहा कि कैंसर जानलेवा बीमारी है, लेकिन समय रहते इसकी पहचान और उचित उपचार से मरीज की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से जागरूक रहने और बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज न करने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि एवं उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सेठ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कैंसर को लेकर जागरूकता की काफी कमी है। उन्होंने रचना फाउंडेशन से ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता अभियान चलाने का आग्रह करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्रधानाचार्य एवं अधीक्षक प्रो. डीके मौर्य ने कहा कि बेटियां सुरक्षित और स्वस्थ रहेंगी तो समाज मजबूत होगा। संस्था के संस्थापक धीरज सिन्हा ने कहा कि जानकारी के अभाव में लोग गलत उपचार के चक्कर में अपनी जान गंवा देते हैं। संस्था का उद्देश्य लोगों को सही सलाह देकर योग्य चिकित्सक से उपचार के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम संयोजक डा. अंजना सक्सेना ने कहा कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति स्वयं जागरूक होना होगा, क्योंकि महिला स्वस्थ रहेगी तो परिवार भी स्वस्थ रहेगा। संचालन डा. अर्पिता मिश्रा ने किया। इस अवसर पर प्रो. डीके सिंह, प्रो. संजय कुमार पांडेय, प्रो. शशि सिंह, प्रो. अवधेश कुमार सरोज, डा. मनीष मिश्रा, शत्रुघ्न सिंह ‘सनी’, पारसनाथ यादव, मनोज विश्वकर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।



