श्रावण मास के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ की भव्य और अलौकिक झांकी सजाई गई। रुद्राक्ष एवं विभिन्न प्रकार के सुगंधित पुष्पों से बाबा का आकर्षक श्रृंगार किया गया। फूलों से सजे बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।अंतिम सोमवार पर बाबा के दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे। भक्तों के ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति से श्री काशी विश्वनाथ धाम का माहौल पूरी तरह शिवमय नजर आया।
इस अवसर पर मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया। बाबा के जयकारों के बीच हुई पुष्पवर्षा ने भक्तिमय वातावरण को और भी मनोहारी बना दिया। श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ के अलौकिक श्रृंगार के दर्शन कर विधिवत पूजन-अर्चन किया और सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रावण मास के अंतिम सोमवार पर बाबा के भव्य श्रृंगार और धाम की दिव्यता ने काशी की धार्मिक आस्था और शिवभक्ति की अद्भुत छटा प्रस्तुत की।



