सिद्धनाथेश्वर महादेव के भव्य हरियाली श्रृंगार महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, देर रात तक गूंजता रहा बाबा का जयघोष

छोटी पियरी स्थित प्राचीन सिद्धनाथेश्वर महादेव मंदिर में सावन के पावन अवसर पर हरियाली श्रृंगार महोत्सव श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया गया। इस दौरान बाबा के दरबार को रंग-बिरंगे फूलों, हरी पत्तियों और आकर्षक विद्युत झालरों से भव्य रूप से सजाया गया। बाबा सिद्धनाथेश्वर महादेव और मंदिर में विराजमान बच्ची माता को विधि-विधान से पूजन कर विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए गए।


मंदिर के पुजारी पप्पू श्रीवास्तव ने विधिवत पूजन-अर्चन के बाद बाबा की वृहद आरती की। डमरू दल की गूंज और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। देर रात तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते रहे और बाबा के दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को बाबा की ठंडई, मिष्ठान और अंगवस्त्रम प्रसाद स्वरूप वितरित किया गया। वहीं देर रात तक भक्तों के बीच हलवा-घुघरी का प्रसाद भी बांटा गया।आयोजन को सफल बनाने में अन्नू श्रीवास्तव, विशाल बरनवाल, अंजनी कुमार सिंह, गौरव श्रीवास्तव, अभिषेक श्रीवास्तव, राहुल, गौरव, विवान और वरेण्य श्रीवास्तव सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया। हरियाली श्रृंगार और भक्तिमय माहौल के बीच महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही।





Post a Comment

Previous Post Next Post