शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में गुरुजनों के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के आईआईटी छात्रावास के सामने सड़क किनारे वृहद पौधारोपण अभियान चलाया गया। पर्यावरण ऋषि अनिल कुमार सिंह की अगुवाई में आयोजित अभियान में आम समेत विभिन्न पुष्पदार पौधे लगाए गए। पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड भी लगाए गए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।
अभियान में वरिष्ठ उद्यान अधिकारी अश्वनी कुमार देशवाल, संत प्रकाशानंद सहित बीएचयू के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। संत प्रकाशानंद ने कहा कि गुरु ज्ञान देकर जीवन को दिशा देते हैं, वहीं वृक्ष फल, फूल, छाया और प्राणवायु देकर समाज को जीवन प्रदान करते हैं। ऐसे में गुरुजनों के नाम पर पौधारोपण सम्मान की सुंदर और सार्थक अभिव्यक्ति है।
पर्यावरण ऋषि अनिल कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षक दिवस केवल गुरुजनों को शुभकामनाएं देने का अवसर नहीं, बल्कि उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का दिन भी है। इसी भावना से गुरुजनों के सम्मान को पर्यावरण सेवा से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित करना ही अभियान का वास्तविक उद्देश्य है।
अभियान में विद्यार्थियों समेत अन्य लोगों ने पौधारोपण किया और पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने गुरु सम्मान और प्रकृति संरक्षण को एक साथ जोड़ते हुए समाज को सकारात्मक एवं प्रेरणादायी संदेश दिया।


