सनबीम शिक्षण समूह की ओर से सनबीम स्कूल वरुणा परिसर में ‘दिशा’ कैरियर मेले का आयोजन किया गया। मेले में देशभर के 87 से ज्यादा प्रतिष्ठित संस्थानों ने स्टॉल लगाए, जहां विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और विभिन्न कैरियर विकल्पों से जुड़ी जानकारी दी गई। 3000 से अधिक विद्यार्थियों ने मेले में पहुंचकर अपनी रुचि और भविष्य के अनुरूप कैरियर विकल्पों की जानकारी हासिल की।
मेले का उद्घाटन सनबीम शिक्षण समूह के अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक, उपाध्यक्षा भारती मधोक, निदेशिका अमृता बर्मन, सह-निदेशिका प्रतिमा गुप्ता और मानद निदेशक हर्ष मधोक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मेले में इंडियन एयरफोर्स, इंडियन आर्मी समेत देश-विदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और संस्थानों ने भाग लिया।
सनबीम भगवानपुर, लहरतारा, सनसिटी, वरुणा, सारनाथ सहित एसोसिएट सनबीम विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी मेले में सहभागिता की। सनबीम वीमेन्स कॉलेज भगवानपुर और वरुणा की छात्राओं ने भी विभिन्न स्टॉल का अवलोकन कर अपने लिए संभावित कैरियर विकल्पों की जानकारी ली। सुबह 8:30 से शाम 4:30 बजे तक चले मेले में विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक और अतिथि भी पहुंचे। सनबीम शिक्षण समूह के अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक ने कहा कि मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न कैरियर विकल्पों की जानकारी देकर उनके लक्ष्य तक पहुंचने में मार्गदर्शन करना है, ताकि सही कैरियर के चुनाव में उन्हें भटकना न पड़े।
इस अवसर पर उपाध्यक्षा भारती मधोक, निदेशिका अमृता बर्मन, सनबीम स्कूल वरुणा की प्रधानाचार्या डॉ. अनुपमा मिश्रा सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य और उप-प्रधानाचार्य मौजूद रहे।


