सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ माफिया के तौर पर चर्चित चेहरों की तस्वीरों वाले होर्डिंग लगाए जाने के बाद वाराणसी में राजनीतिक हलचल तेज हो गई। पांडेयपुर ओवरब्रिज पर लगे होर्डिंग में सपा और माफिया के संबंधों को लेकर स्लोगन लिखे गए थे। ऐसे होर्डिंग प्रदेश के कई अन्य जनपदों में भी सामने आए हैं।
होर्डिंग सामने आने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई और इसे पार्टी व उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष की राजनीतिक छवि खराब करने का प्रयास बताया। कार्यकर्ताओं ने वाराणसी पुलिस से होर्डिंग लगाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सपा नेताओं के मुताबिक, होर्डिंग किसने लगवाए, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
सपा के प्रदेश सचिव राजू यादव ने कहा कि पार्टी की छवि खराब करने के उद्देश्य से इस तरह के होर्डिंग लगाए गए हैं। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


