अक्तूबर में PM मोदी करेंगे गंजारी स्टेडियम का उद्घाटन, दिसंबर में होंगे दो क्रिकेट मैच

वाराणसी के गंजारी में बन रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब मैचों की मेजबानी के लिए तैयार हो चुका है। अक्तूबर के अंतिम सप्ताह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों इसके उद्घाटन की तैयारी है। उद्घाटन के बाद दिसंबर में यहां पहली बार आधिकारिक घरेलू क्रिकेट खेला जाएगा। यूपीसीए ने कूच बिहार ट्रॉफी अंडर-19 के दो मुकाबले गंजारी में कराने का फैसला किया है। तीन से छह दिसंबर तक यूपी और पुडुचेरी तथा 11 से 14 दिसंबर तक यूपी और छत्तीसगढ़ की टीमें आमने-सामने होंगी।


दिसंबर के मुकाबलों के बाद वाराणसी में महिला प्रीमियर लीग की मेजबानी की भी उम्मीद है। 2027 की डब्ल्यूपीएल 14 जनवरी से सात फरवरी तक प्रस्तावित है। वाराणसी को इसके संभावित आयोजन स्थलों में शामिल करने पर विचार किया गया है। जनवरी तक स्टेडियम पूरी तरह तैयार होने पर यहां डब्ल्यूपीएल के मुकाबले कराए जा सकते हैं। निर्माण एजेंसी अक्तूबर में स्टेडियम को हैंडओवर करेगी। इससे पहले अभ्यास मैच, मैत्री मुकाबले और टीम कैंप आयोजित किए जाएंगे।


करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस स्टेडियम में 30 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। डे-नाइट मैचों के लिए भी सुविधाएं विकसित की गई हैं। स्टेडियम की डिजाइन में काशी की संस्कृति और पहचान की झलक दिखाई देती है। यहां त्रिशूल के आकार की फ्लडलाइट, डमरू जैसी आकृति वाला पवेलियन, अर्धचंद्राकार छत और घाट की सीढ़ियों की तर्ज पर दर्शक दीर्घा बनाई गई है। इसकी आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 सितंबर 2023 को रखी थी।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post