श्री दत्तात्रेय प्रसाद अन्नदान आश्रम चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से मंगलवार को मिसिर पोखरा स्थित श्री दत्तात्रेय प्रसाद अन्नदान आश्रम में परमपूज्य मौनी बाबाजी का प्राकट्योत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आश्रम में दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मौनी बाबाजी के पूजन, अभिषेक और विशेष श्रृंगार के साथ हुई। इसके बाद वैदिक ब्राह्मणों, बटुकों, पंडितों और छात्रों के लिए महाप्रसाद एवं दक्षिणा वितरण का आयोजन किया गया। आयोजकों के अनुसार करीब 3100 ब्राह्मण एवं अन्य लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए और उन्हें दक्षिणा भी प्रदान की गई।
आम भक्तों के लिए विशाल भंडारा चलता रहा। इस दौरान करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। प्राकट्योत्सव के अवसर पर आश्रम परिसर स्थित विभिन्न देवी-देवताओं के विग्रहों का भी विशेष एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया। आश्रम में श्री महामेरु श्रीयंत्र, श्री महागणपति, श्री महात्रिपुरसुंदरी, श्री ललिता राजराजेश्वरी, श्री वेणुगोपाल, श्री माता कामेश्वरी, श्री वेंकटेश्वर सहित शालिग्राम और स्फटिक शिवलिंग तथा अखंड ज्योति नंददीप को विशेष रूप से सजाया गया। रंग-बिरंगी सजावट और धार्मिक वातावरण से पूरा आश्रम भक्तिमय नजर आया।
प्राकट्योत्सव एवं भंडारे में अध्यक्ष डॉ. पी.डी. पाटिल, सचिव मोहन लाल, अशोक, सुरेश अत्री, सुधीर टंडन, कामेश्वर सिंह, व्यवस्थापक धीरेन्द्र जी, श्री शिवहरी जी सहित विभिन्न प्रदेशों से आए श्रद्धालु और विशिष्ट भक्तजन उपस्थित रहे।


