वाराणसी के लाटभैरव मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात कुछ पुलिसकर्मियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान मंच पर चल रहे डांस कार्यक्रम को देखते और उसका वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि लाटभैरव की बारात की परंपरा के दौरान मंदिर परिसर में डांस कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
इसी दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात पुलिसकर्मी मंच की ओर मोबाइल से वीडियो बनाते दिखाई दिए। आरोप है कि ड्यूटी संभालने के बजाय कुछ पुलिसकर्मी डांस कार्यक्रम देखने और महिला डांसरों के वीडियो बनाने में व्यस्त रहे। पुलिसकर्मियों के इस तरह वीडियो बनाने का फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों के इस व्यवहार पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। अब वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस विभाग की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर नजर है।


