नगर निगम के वार्ड नंबर 38 ककरमत्ता के पहाड़ी गांव स्थित यादव बस्ती में सड़क, जलनिकासी और साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि वर्षों से समस्याएं बनी हुई हैं और नगर निगम, स्मार्ट सिटी तथा मुख्यमंत्री जनसुनवाई (IGRS) में शिकायतों के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बरसात के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है। जलभराव और गंदगी के कारण आवागमन में परेशानी के साथ मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ जाता है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर सड़क निर्माण, जलनिकासी और सफाई की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ, समाजवादी पार्टी के रोहनिया विधानसभा अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर काम चाहिए। उन्होंने मांग की कि अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर समस्याओं का सर्वे करे और समाधान की समयसीमा तय करे।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान अमन यादव, राधेश्याम यादव, मनोज कुमार यादव, संदीप यादव, रोहित यादव, संजय यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


