एयर शो के लिए तैयार होगा खास ट्रैफिक प्लान, वीआईपी मूवमेंट के लिए अलग रूट

वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो को लेकर पुलिस ने यातायात व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी है। आसमान में होने वाले करतब देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है, ऐसे में वीआइपी, पर्यटकों और स्थानीय दर्शकों के वाहनों को संभालना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी। इसी को देखते हुए पुलिस संभावित पार्किंग स्थलों, डायवर्जन और वाहनों के आवागमन की व्यवस्था तैयार कर रही है।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्र ने सोमवार को पड़ाव और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रमुख सड़कों, संपर्क मार्गों, चौराहों और संभावित दबाव वाले स्थानों की स्थिति देखी। पुलिस ऐसे स्थानों की तलाश कर रही है, जहां बड़ी संख्या में वाहन खड़े कराए जा सकें और मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने। पार्किंग से एयर शो स्थल तक दर्शकों को पहुंचाने के लिए अलग व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है।

एयर शो के दौरान वाहनों का दबाव एक साथ कार्यक्रम स्थल की ओर न पहुंचे, इसके लिए चरणबद्ध तरीके से वाहनों को आगे भेजने की योजना बनाई जा सकती है। वहीं वीआइपी मूवमेंट के लिए अलग मार्ग और पार्किंग की व्यवस्था पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि उनके काफिले के गुजरने के दौरान आम यातायात ज्यादा प्रभावित न हो। ट्रैफिक प्लान में आम वाहनों को रोकने और डायवर्जन के संभावित प्वाइंट भी शामिल किए जाएंगे।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post