देशभर में सोमवार से प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल स्थगित कर दी गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार रात हुई बातचीत के बाद हड़ताल टालने पर सहमति बनी। ऐसे में सोमवार से बैंक शाखाओं में सामान्य रूप से कामकाज जारी रहेगा और ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं के लिए परेशानी नहीं होगी।
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में सप्ताह में पांच दिन काम और सभी शनिवार को अवकाश शामिल है। बैठक के बाद इस मुद्दे पर विचार के लिए IBA और UFBU की संयुक्त समिति बनाने का फैसला हुआ है। समिति सभी विकल्पों पर चर्चा करेगी और संबंधित पक्षों से बातचीत के बाद समाधान तलाशेगी। इसके अलावा स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों की PLI स्कीम में बदलाव समेत अन्य लंबित मुद्दों पर भी बातचीत आगे बढ़ाई जाएगी।
हड़ताल होने पर सरकारी बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों में कामकाज प्रभावित होने के साथ चेक क्लियरेंस, नकद जमा और निकासी जैसी सेवाओं पर असर पड़ सकता था। अब हड़ताल स्थगित होने से बैंक शाखाएं सामान्य रूप से खुलेंगी और इन सेवाओं का संचालन जारी रहेगा। UFBU ने बैठक में बनी सहमति के बाद फिलहाल अपने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और हड़ताल को वापस लेने का फैसला किया है।


