रायपुर, छत्तीसगढ़ स्थित इंदिरा गांधी एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी में 4 से 6 सितंबर तक आयोजित 8वीं नेशनल थाईबाक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में देश के 11 राज्यों के 453 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। महाराष्ट्र विजेता और छत्तीसगढ़ उपविजेता रहा।
उत्तर प्रदेश की 53 सदस्यीय टीम ने 20 स्वर्ण, 15 रजत और 4 कांस्य सहित कुल 39 पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर थाईबाक्सिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्रा ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधन को बधाई दी।
टीम की सफलता में कोच शिव प्रताप शाही, मैनेजर अनुप कुमार, फीमेल टीम कोच अनुष्का मौर्या और असिस्टेंट कोच मोहम्मद आसिफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी सैयद इमरान हुसैन ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और खेल भावना का शानदार परिचय दिया है। यह उपलब्धि खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधन के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश के खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
इस उपलब्धि पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित थाईबाक्सिंग इंडिया फेडरेशन और खेल जगत से जुड़े लोगों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


