लंका थाना क्षेत्र के नरोत्तमपुर निवासी विनीत यादव उर्फ धर्मेंद्र की ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। विनीत को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मौत के बाद परिजनों ने कुछ लोगों पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा के अनुसार, परिजनों ने विनीत के दुर्घटना में घायल होने की सूचना देते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के भाई विशाल यादव के मुताबिक, परिजनों ने कुछ लोगों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने फिलहाल मारपीट से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं।
विनीत की मौत के बाद पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


