लंका क्षेत्र में 24 सितंबर की रात महामना पुरी कॉलोनी निवासी विजय कुमार श्रीवास्तव के परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि कर्मवीर तिराहे से बाइक और स्कूटी सवार युवकों ने उनकी कार का पीछा किया और कार के आगे स्कूटी लगाकर रास्ता रोक दिया।
विजय कुमार के मुताबिक, वह पत्नी संध्या श्रीवास्तव, 15 वर्षीय बेटे हार्दिक और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अशोकपुरम कॉलोनी से घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पीछा कर रहे युवकों ने कार रोककर हमला किया। विरोध करने पर परिवार के सदस्यों को कार से बाहर खींच लिया गया। मारपीट में कार का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं के साथ अभद्रता और मारपीट की। घटना में संध्या श्रीवास्तव की उंगली टूट गई और उनके कपड़े भी फट गए। वहीं 15 वर्षीय हार्दिक और विजय कुमार के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
घटना के बाद परिवार लंका थाने पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने विजय कुमार और उनकी पत्नी का मेडिकल कराया है। पीड़ित परिवार ने आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई और कर्मवीर तिराहे से लंका मार्ग पर रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


