वाराणसी में पुलिस ने 558 किलो अफीम नष्ट कराई है। इसकी कीमत करीब 10.80 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह अफीम 2012 में जैतपुरा पुलिस ने एक मामले में पकड़ी थी। करीब 14 साल तक इसे सुरक्षित रखा गया और अब नियम के तहत इसका निस्तारण किया गया।
जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम अफीम को लेकर गाजीपुर स्थित केंद्रीय अफीम एवं क्षारोद कारखाने पहुंची। वहां सभी पैकेटों का वजन कराया गया, जिसमें कुल 558 किलो अफीम मिली। इसके बाद ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में तय प्रक्रिया के अनुसार इसे नष्ट कराया गया।
एसीपी चेतगंज शुभम सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई यूपी पुलिस के ऑपरेशन दहन के तहत की गई है। वर्ष 2012 के मुकदमे में बरामद अफीम को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक सुरक्षित रखा गया था। अब प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसका निस्तारण करा दिया गया।


