शिवपुर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री का मामला सामने आया है। कांशीराम पुलिस चौकी की टीम ने बुधवार देर शाम पुराने कांशीराम आवास के एक कमरे में छापा मारकर करीब 23 किलो चाइनीज मांझा बरामद किया। पुलिस ने मौके से 40 वर्षीय रेखा देवी को हिरासत में लिया है। मांझे को ड्रम में छिपाकर रखा गया था।
थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा के मुताबिक, चौकी इंचार्ज अमरीश दुबे को सूचना मिली थी कि आवास के एक कमरे से प्रतिबंधित मांझे की बिक्री की जा रही है। पूछताछ में महिला ने बताया कि गोलगड्डा क्षेत्र से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर मांझा लेकर आया था। उसने 350 रुपये प्रति परेता की दर से मांझा खरीदा था और उसे 400 रुपये में बेचने की तैयारी कर रही थी। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
प्रतिबंधित मांझे से होने वाले हादसों को रोकने के लिए शिवपुर पुलिस अब जागरूकता अभियान भी चलाएगी। थाना प्रभारी ने बताया कि स्कूलों और थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में लोगों को चाइनीज मांझे के इस्तेमाल और बिक्री से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया जाएगा। कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी इंचार्ज अमरीश दुबे के साथ कांस्टेबल नितेश कुमार तिवारी, किशन सोनकर और दीक्षा दुबे शामिल रहे।


