वाराणसी के पैगंबरपुर में पटाखा विस्फोट के बाद फरार राजू खान को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। सरायमोहाना घाट के पास गश्त के दौरान पुलिस टीम का सामना राजू से हुआ। पुलिस के मुताबिक, घिरने पर उसने गोली चला दी। इसके बाद हुई जवाबी फायरिंग में राजू के पैर में गोली लगी। घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के साथ उससे पूछताछ की जा रही है।
पैगंबरपुर में गुरुवार शाम राजू खान के मकान में हुए धमाके ने आसपास के लोगों को दहला दिया था। विस्फोट से दो मंजिला मकान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। शुरुआत में राजू ने लोगों को सिलेंडर फटने की बात बताई थी, लेकिन पुलिस की जांच में मकान में अवैध तरीके से पटाखे बनाने और जमा करने की बात सामने आई। घटना के बाद से ही राजू लापता था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
धमाके की चपेट में आने से राजू का परिवार भी प्रभावित हुआ। उसकी पत्नी चांदनी और बेटा आदिल गंभीर रूप से घायल हैं। चांदनी करीब 90 प्रतिशत झुलस गई हैं, जबकि 16 वर्षीय आदिल को भी ICU में रखा गया है। दस वर्षीय बेटी अरबिया को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत स्थिर बताई गई है। तीनों का कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मकान में पटाखे बनाने का काम कब से चल रहा था और इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।


