वाराणसी में 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस आयोजन में गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों का रोमांचक प्रदर्शन देखने को मिल सकता है। इससे पहले 20 और 21 अक्टूबर को विमानों का अभ्यास कराया जाएगा। करीब 20 विमानों को बाबदपुर एयरपोर्ट पर पार्क करने और ईंधन भरने की व्यवस्था भी की जा रही है।
एयर शो के मद्देनजर गंगा के 84 घाटों पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां की जा रही हैं। जलस्तर घटने के बाद खाली हुए घाटों पर बैरिकेडिंग लगाने के साथ छोटे कैंप भी बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात व्यवस्था को नए सिरे से तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शहर के बाहर से आने वाले लोगों को घाटों तक पहुंचने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
25 अक्टूबर को होने वाले मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि उनके आगमन की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एयर शो को भव्य बनाने के लिए एयरफोर्स, जिला प्रशासन और पुलिस सहित कई विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। अधिकारियों के सामने सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही यातायात और दर्शकों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने की चुनौती है। एयर शो का अंतिम समय और विस्तृत कार्यक्रम आधिकारिक घोषणा के बाद स्पष्ट होगा।


